सीकर शहर के वार्ड नंबर 4 एवं 5 स्थित कंवरपुरा रोड की सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। बरसात का मौसम शुरू होते ही सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव होने से स्थानीय निवासियों तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। सड़क पर जमा गंदे पानी और गहरे गड्ढों के विरोध में क्षेत्रवासियों ने पूर्व में गंदे पानी में उतरकर प्रदर्शन भी किया था। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर परिषद को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया और न ही सड़क मरम्मत का कार्य शुरू किया गया।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 20 जून तक सड़क निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, पालवास रोड पर लंबे समय से सीवरेज कार्य चलने के कारण अधिकांश यातायात कंवरपुरा रोड से होकर गुजर रहा है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आमजन, वाहन चालकों और व्यापारियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
सड़क की जर्जर हालत और प्रशासन की उदासीनता को लेकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।


